दुबई। भोजपुरी-भाषियों के सबसे बडे सोशल नेटवर्क जय भोजपुरी डॉट कॉम द्वारा ठाकरे परिवार के खिलाफ एक सप्ताह पहले शुरु की गई मुहिम को ना सिर्फ देश में, बल्कि विदेशों में भी भारी समर्थन मिल रहा है। इस अभियान के प्रति अप्रवासी भारतीयों के उत्साह को देख कर लगता है कि उनके मन में ठाकरे परिवार की नफरत फैलाने वाली राजनीति के प्रति काफी नाराजगी है।इस मुहिम में सबसे विशेष बात यह है कि ना सिर्फ भोजपुरी-भाषी लोग, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले गैर-भोजपुरी भाषी लोग भी भारी संख्या में प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिख कर अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं, और प्रधानमंत्री से ठाकरे परिवार के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का अनुरोध कर रहे हैं। नई दिल्ली, कोलकाता, बिलासपुर, मुंबई, जमशेदपुर, पटना, बक्सर, बंगलुरु, हैदराबाद, पूना व अन्य शहरों से सैकडों की संख्या में भेजे जा रहे पोस्टकार्डों के बीच आज इस अभियान को एक नई दिशा मिल गई जब दुबई की एक कंपनी के सभी भारतीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने आगे आकर ना सिर्फ प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखा, बल्कि ठाकरे परिवार की घोर निन्दा करते हुये उस पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने की माँग भी की। इन अप्रवासी कर्मचारियों में दिल्ली से लेकर केरल, कर्नाटक, आन्ध्र प्रदेश व देश के अन्य हिस्सों के कर्मचारी शामिल हैं।
"आज की यह घटना दिखाती है कि इस मुहिम में सभी देशभक्त भारतीय हमारे साथ है। मैं सभी लोगों से अनुरोध करता हुँ कि वो कम से कम एक पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री कार्यालय को जरुर भेजें। ठाकरे परिवार की उलटी गिनती अब शुरु हो गई है, और केन्द्र सरकार को उनके खिलाफ कार्यवाही करनी ही होगी," जय भोजपुरी डॉट कॉम के स्थानीय प्रतिनिधि (दुबई) जितेन्द्र चौहान ने बताया।
ज्ञात हो कि विगत 14 फरवरी को जय भोजपुरी डॉट कॉम ने नई दिल्ली में एक बैठक कर के इस अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान में वेबसाइट प्रबंधन ने लोगों से देश की अखंडता को बचाने, व ठाकरे परिवार की राष्ट्रविरोधी नितियों का विरोध करने हेतू प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजने का आग्रह किया है। वेबसाइट का लक्ष्य अगले तीन महीने में कम से कम 1 लाख पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजने का है। इस से पहले जय भोजपुरी डॉट कॉम की सहयोगी वेबसाइट भोजपुरिया डॉट कॉम राज ठाकरे के खिलाफ “राज का इलाज” नाम से मुकदमा अभियान, व मुंबई जाने वाली ट्रेनों पर “राज ठाकरे वांटेड” के इश्तेहार लगाने जैसे कई अभियान चला चुकी है।
ज्यादा जानकारी के लिये निचे दिये गये लिंक पर क्लिक करें:
> ठाकरे परिवार के खिलाफ गैर- भोजपूरिया लोग भी दुबई से भेजल पोस्ट कार्ड !
> ठाकरे परिवार के खिलाफ प्रधानमंत्री को भेजे जायेंगे 1 लाख पोस्टकार्ड


