Home Samachar Hot Topic हमनी भोजपुरिया टीवी फरार...

हमनी भोजपुरिया टीवी फरार...

E-mail Print PDF
share
अभी फिर एक फोन आया - "क्या आप हमनी भोजपुरिया टीवी से कुछ संबंध रखते हैं", मेरे ना कहने पर फोन करने वाले का गला भर आया, और उसने कहा - "मेरे कैरियर के साथ खिलवाड किया है उन लोगों ने, अगर संभव हो तो उन लोगों को सजा दिलवाइये...।" बात हो रही थी एक ऐसे टीवी चैनल के बारे में, जिसे भोजपुरिया डॉट कॉम ने जनवरी में ही फर्जी करार दिया था, और अंतत: हमारी बात की सत्यता साबित होने के बाद आम लोगों के साथ-साथ भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री भी सदमे में है।

कुछ लोगों ने हमें बकायदा फोन कर के धमकी भी दी, और जब हमनें "सूचना के अधिकार" के तहत बकायदा "सूचना और प्रसारण मंत्रालय" से लिखित जबाब लेकर भोजपुरिया डॉट कॉम पर पोस्ट किया, जिसमें यह साफ-साफ लिखा था कि नाही इस नाम से किसी चैनल को लाइसेंस दिया गया है, नाही एच. बी. एंटरटेनमेंट नामक किसी कंपनी ने किसी चैनल के लाइसेंस के लिए आवेदन ही किया है (लेटर को देखने के लिए निचे रिलेटेड आर्टिकल देखें), फिर जैसे तुफान आ गया। कुछ लोग लग गये उस "सरकारी पत्र" को नकली साबित करने में, और उस पर लिखे पिनकोड को उसका आधार बनाया गया। हमने उस वक्त भी कहा था, और आज भी कह रहे हैं कि दिल्ली का पिनकोड हमें भी मालुम है (वैसे भी अगर कोई नकली चिठ्ठी बनाएगा, तो इतनी बडी गलती नहीं करेगा), और अगर किसी को उस पत्र की सत्यता को लेकर कोई संदेह है, तो वह संबंधित मंत्रालय से, या पुलिस से इस बात की शिकायत कर सकता है।

उस पत्र के प्रकाशित होने के बाद हमनी भोजपुरिया टीवी से संजीव और अन्य लोगों का फोन आया। हमें लालच भी दिया गया, और ना मानने पर धमकी भी दी गई, लेकिन भोजपुरिया डॉट कॉम नाही कभी ऐसे लोगों के सामने कभी झुका है, नाही झुकेगा। जमशेदपुर आकर देख लेने की धमकी पर हमने उन लोगों को बकायदा अपना पता भी लिखवा दिया, और उन्होंने भी आने की धमकी दी, लेकिन आज तक कोई आया नहीं। खैर, सैकडों छात्रों से लाखों रुपये (हर किसी से पंद्रह हजार रुपये) लेने के बाद इस कंपनी ने वही किया, जो इसकी पुर्ववर्ती "पूर्वा टीवी" ने किया था, एक महीने के लिए इन लोगों ने किसी और से फ्रीक्वेंसी भाडे पर ली, और चैनल को शुरु बता कर बाजार से पैसे समेटे, और निकल लिए। पिछे छूट गये कुछ युवा, जिनके पैसे (जो उन्होंने नौकरी के दिए थे) तो डूब ही गये, और साथ ही साथ उनके कैरियर पर भी एक दाग लग गया, एक फर्जी कंपनी में काम करने का। देश के अनेक मैनेजमेंट स्कूलों और कॉलेजों से निकले ये युवा आज उस घडी को कोस रहे हैं, जब इन लोगों ने यह नौकरी स्वीकार की थी।

दिल्ली और अन्य शहरों में मौजुद एच बी एंटरटेनमेंट के कार्यालयों के बंद होने के बाद इसी सिलसिले में हमारे पास पिछले महीने दिल्ली पुलिस का एक फोन आया, जिसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने संजीव, संजय और इस कंपनी अन्य लोगों के बारे में हमसे जानकारी लेनी चाही। दिल्ली पुलिस ने हमें बताया कि इस फर्जी टीवी चैनल ने सैकडों लोगों को नौकरी के नाम पर, और टीवी चैनल में काम देने के नाम पर चूना लगाया है, और उन में से कुछ लोगों ने अब सब कुछ गंवाने के बाद पुलिस की शरण ली है। अभी के हालात ये हैं कि इनका टीवी चैनल बंद है, एचबीइंफोमीडिया डॉट कॉम नामक इनकी बेवसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध है, और एचबीटीवी.इन नामक इनकी मुख्य वेबसाइट का डोमेन नेम एक्सपायर हो गया है। यानि कुल मिला कर परिणाम वही है, जो हमने "जनवरी" में ही लिख दिया था - "एक फ्रॉड कंपनी की कारस्तानी की सजा कुछ युवा भुगत रहे हैं, और उस कंपनी से संबंधित लोग उन छात्रों के पैसों से एशो-आराम के साधन जुटा रहे हैं।" अगर जनवरी में ही लोग यह बात समझ जाते, तो आज शायद कुछ अलग हालात होते, वैसे कुछ लोगों ने हमारी बात मानी, और आज वो लोग खुश हैं, इस फर्जीवाडे से बच कर।
 
पिछले 6 सालों में "सच" को लेकर भोजपुरिया डॉट कॉम ने कई खुलासे किए, और यह सिर्फ सच की ही ताकत थी कि हर खुलासे का परिणाम हमारे पक्ष में रहा। हर खुलासे के बाद कई लोगों को उसका नुकसान उठाना पडा, और कई अन्य लोग अचम्भित रह गए। भोजपुरिया डॉट कॉम पर किसी भी विवादास्पद विषय पर लिखने से पहले जितना शोध किया जाता है, उसके बाद खबर के गलत होने की संभावना ही नहीं रहती है। हमने पहले भी कहा है, और आज भी यह दोहरा रहे हैं कि समाज के किसी भी क्षेत्र से जुडे हर व्यक्ति और संस्था से भोजपुरिया डॉट कॉम यह अपील करता है कि यहाँ छपी किसी भी खबर की सत्यता पर प्रश्नचिन्ह लगा कर अपना समय जाया ना करें, बल्कि परिपक्व सोच के साथ उसका समाधान खोजने का प्रयास करें। शायद इस तरह आप काफी कुछ गंवाने से बच सकते हैं, और इस तरह अगर हम एक भी व्यक्ति के नुकसान को कम कर सकें, तो हमारी वेबसाइट का, और इस खुलासे का मकसद पुरा हो जाएगा।

(नोट: इस खबर को हिंदी में लिखने का मकसद यह है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे पढें, और आगे से इस तरह के फर्जीवाडे से बच सकें।)

 

 
click here